हाथरस। जनपद के गरीब, वंचित और जरूरतमंद लोगों को एक ही स्थान पर न्यायिक सहायता और सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए 1 नवंबर को श्री दाऊजी महाराज मेला पंडाल स्थित पद्मश्री काका हाथरसी स्मृति मंच पर मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा।
शिविर की तैयारियों को लेकर शनिवार को जनपद न्यायाधीश विनय कुमार तृतीय ने मेला पंडाल पहुंचकर अंतिम व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने स्टॉल लगाने के स्थान, लोगों के आने-जाने की व्यवस्था, वाहन पार्किंग और बैठने की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही जहां साफ-सफाई की कमी मिली, वहां संबंधित अधिकारियों को सफाई कराने के निर्देश दिए।

जनपद न्यायाधीश ने जिले के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर लाभ उठाने की अपील की है। शिविर में निःशुल्क विधिक परामर्श, लोक अदालत के माध्यम से मामलों का निस्तारण, मध्यस्थता और परामर्श सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

इसके अलावा राजस्व, पुलिस, श्रम, समाज कल्याण, स्वास्थ्य, शिक्षा, बैंक, बीमा, विद्युत और नगर निकाय समेत कुल 25 विभागों के 36 स्टॉल लगाए जाएंगे। यहां पात्र लोगों को पेंशन, आयुष्मान भारत योजना, दिव्यांगता प्रमाण पत्र, क्षतिपूर्ति योजना, मनरेगा जॉब कार्ड, जन्म-मृत्यु पंजीकरण और आधार कार्ड सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की व्यवस्था रहेगी।

लाभ लेने के इच्छुक लोग 1 नवंबर को अपने आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में पहुंचकर पंजीकरण करा सकते हैं।
निरीक्षण के दौरान अपर जनपद न्यायाधीश संगीता शर्मा, सिविल जज आकांक्षा गर्ग, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अनु चौधरी, सिविल जज सारांश शर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।










