हाथरस। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मथुरा आगमन से पहले हाथरस में कांग्रेस जिलाध्यक्ष पं॰ विवेक उपाध्याय को हाउस अरेस्ट किए जाने का मामला सामने आया है।
बताया जा रहा है कि बुधवार देर रात करीब 11 बजे हाथरस पुलिस प्रशासन ने कांग्रेस जिलाध्यक्ष पं॰ विवेक उपाध्याय को उनके आवास पर नजरबंद कर दिया।
पुलिस की कार्रवाई के बाद कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर उनका अपराध क्या है और उन्हें किस कानून या आदेश के तहत हाउस अरेस्ट किया गया है।
पं॰ विवेक उपाध्याय ने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण तरीके से जनता के मुद्दे उठाना विपक्ष का संवैधानिक अधिकार है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री के दौरे से पहले विपक्ष की आवाज को पुलिस के पहरे में रोकने का प्रयास किया जा रहा है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि पुलिस की कार्रवाई से कुछ समय के लिए उनकी आवाज को रोका जा सकता है, लेकिन जनता के मुद्दों को दबाया नहीं जा सकता।
उन्होंने स्पष्ट किया कि दमन और दबाव की राजनीति के सामने कांग्रेस झुकने वाली नहीं है और लोकतंत्र, जनता के अधिकारों तथा संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा।










