सिकंदराराऊ में बाइक चोरों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। बुधवार सुबह डाकघर के पास खड़ी एक स्प्लेंडर बाइक चोरी हो गई। बाइक चोरी की पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई।
जानकारी के मुताबिक, बड़ा डाकघर, पंत चौराहा निवासी संतोष कुमार रोज की तरह अपनी स्प्लेंडर बाइक डाकघर के पास खड़ी कर अपने काम में लग गए थे। सुबह करीब साढ़े नौ बजे जब उन्होंने बाइक को देखा तो वह मौके से गायब थी।
काफी तलाश करने के बाद भी बाइक का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें एक आरोपी बाइक लेकर जाता हुआ दिखाई दे रहा है।
पीड़ित ने घटना की सूचना पुलिस को देते हुए बाइक बरामद करने की मांग की है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान और तलाश में जुटी है।
कोतवाली प्रभारी शिव कुमार शर्मा ने बताया कि बाइक चोरी की सूचना मिली है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और आरोपी की तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई है।










