हाथरस। थाना मुरसान क्षेत्र के गांव बेरीसला के निकट बैंक से पेंशन के रुपये निकालने जा रही वृद्ध महिला को बाइक सवार ने टक्कर मार दी। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। ग्रामीणों की मदद से उसे 108 एंबुलेंस द्वारा जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतका की पहचान गांव बेरीसला निवासी 65 वर्षीय रूमाली देवी पत्नी प्रेम सिंह के रूप में हुई है। बताया गया कि रूमाली देवी घर से पैदल बैंक की ओर जा रही थीं। गांव के निकट सड़क पार करते समय तेज रफ्तार बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर जुटे ग्रामीणों ने बाइक सवार को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। महिला की मौत की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने बाइक सवार को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।










