हाथरस। मिशन शक्ति कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को शहर के तालाब चौराहा स्थित केंद्रीय विद्यालय में ‘मुख्यमंत्री मन की पाती’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी अतुल वत्स और पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने बच्चों से संवाद किया। इस दौरान बच्चों ने मुख्यमंत्री के नाम पत्र लिखकर अपने मन की बात, सुझाव और अपेक्षाएं साझा कीं।
जिलाधिकारी अतुल वत्स ने बताया कि अभियान के तहत बच्चों से संवाद कर उनकी समस्याओं, सुविधाओं और प्रशासन से अपेक्षाओं के बारे में जानकारी ली जा रही है, ताकि उनके सुझाव मुख्यमंत्री तक पहुंचाए जा सकें। उन्होंने कहा कि बच्चों को अपनी बात खुलकर रखने और अपने विचारों को पत्र के माध्यम से व्यक्त करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को सोशल मीडिया में अधिक समय बिताने के बजाय रचनात्मक गतिविधियों और लेखन की ओर प्रेरित करना भी है। बच्चों को अपने विचारों और भविष्य के लक्ष्य कागज पर लिखने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है, जिससे उनमें क्रिएटिव राइटिंग की रुचि बढ़े और वे देश के विकास में अपने योगदान को लेकर अपनी सोच मुख्यमंत्री तक पहुंचा सकें।










