हाथरस। थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव सलेमपुर के पास मथुरा-बरेली नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार 30 वर्षीय बांके बिहारी शर्मा पुत्र मदन मोहन शर्मा निवासी परिक्रमा मार्ग, वृंदावन जनपद मथुरा की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतक हाथरस में एक दवा कंपनी में एमआर के पद पर तैनात था।
बताया गया है कि बांके बिहारी शर्मा बाइक से सिकंदराराऊ की ओर जा रहा था। सलेमपुर के निकट अज्ञात ट्रक चालक ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया।
बांके बिहारी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों के अनुसार उसकी शादी करीब दो वर्ष पूर्व हुई थी और हाल ही में उसकी पत्नी ने एक नवजात बच्ची को जन्म दिया था। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।










