हाथरस।ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की हाथरस जिला सह-प्रभारी बीके भावना के नेतृत्व में ब्रह्माकुमारी बहनों ने हाथरस कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचकर रक्षाबंधन का पर्व मनाया। इस दौरान उन्होंने जिलाधिकारी अतुल वत्स, एडीएम, एसडीएम समेत कलेक्ट्रेट के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राखी बांधकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।
पत्रकारों से बात करते हुए बीके भावना ने रक्षाबंधन के आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पर्व केवल भाई-बहन के रिश्ते तक सीमित नहीं है, बल्कि पवित्रता, प्रेम, स्नेह और रक्षा का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि मस्तक पर लगाया जाने वाला तिलक आत्म-स्मृति और आत्म-जागृति का प्रतीक है, जो व्यक्ति के भीतर आत्मबल एवं सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है।
उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन के अवसर पर अपनी किसी एक बुराई या विकार को छोड़ने का ईमानदारी से संकल्प लेना चाहिए। ईश्वर से शक्ति लेकर बुराइयों का त्याग करने का यह संकल्प जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का माध्यम बन सकता है।
इस दौरान ब्रह्माकुमारी बहनों ने सभी के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।










