हाथरस के विकासखंड मुरसान की ग्राम पंचायत महामौनी में राशन वितरण को लेकर ग्रामीणों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों ने उचित दर विक्रेता मूलचंद उर्फ देवा पहलवान पर दबंगई, राशन वितरण में अनियमितता और राशन कार्डों में कथित फर्जीवाड़े के गंभीर आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार शिकायत और जांच के बावजूद राशन डीलर के खिलाफ अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने से उनके हौसले बुलंद हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि राशन डीलर द्वारा पात्र राशन कार्ड धारकों को निर्धारित मात्रा से कम राशन दिया जाता है। इसके अलावा कुछ जीवित लोगों को अभिलेखों में मृत दर्शाकर उनके राशन कार्ड समाप्त कराने तथा एक राशन कार्ड के नाम दूसरे राशन कार्ड में दर्ज कर कथित तौर पर राशन निकालने की शिकायत भी की गई है। ग्रामीणों का कहना है कि इन अनियमितताओं के कारण गरीब परिवारों को सरकारी राशन योजना का पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा है।
शिकायतकर्ता गौतम सिंह के अनुसार, उक्त राशन डीलर के खिलाफ पूर्व में भी वर्ष 2019, 2021 और 2023 में कार्रवाई करते हुए तीन बार निलंबित किया जा चुका है। ग्रामीणों का दावा है कि इसके बावजूद हर बार उसे बहाल कर दिया जाता है, जिससे गांव के लोगों में आक्रोश है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि 15 जुलाई को भी जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर पूरे मामले की शिकायत की गई थी। इसके बाद अधिकारियों द्वारा जांच की गई, लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि जांच और शिकायतों के बावजूद राशन डीलर का अनुबंध पूरी तरह निरस्त नहीं किया गया। इससे ग्रामीण प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठा रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि किसी राशन डीलर के खिलाफ बार-बार शिकायतें सामने आती हैं और पूर्व में निलंबन की कार्रवाई भी हो चुकी है, तो पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराकर दोषी पाए जाने पर कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।
इसी मांग को लेकर 19 अगस्त को ग्रामीणों और भारतीय किसान यूनियन (असली) के पदाधिकारियों द्वारा हाथरस कलक्ट्रेट में धरना-प्रदर्शन कर महापंचायत करने की चेतावनी दी है।










