हाथरस। कोतवाली सदर क्षेत्र के जलेसर रोड स्थित काशीराम कॉलोनी के पास विद्युत पोल पर काम कर रहे संविदा लाइनमैन जयवीर पुत्र रघुवीर निवासी भोपतपुर, हाथरस जंक्शन अचानक नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
मौके पर मौजूद लोग उन्हें टेंपो से जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया गया कि जयवीर वाटर बॉक्स विद्युत उपकेंद्र पर तैनात थे। घटना की जानकारी पर विद्युत विभाग के अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे और परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने के लिए कागजी कार्रवाई शुरू की। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।










