हाथरस में राष्ट्रीय लोक अदालत में 79,510 वादों का निस्तारण, 3.30 करोड़ का प्रतिकर दिलाया,8 दंपतियों ने फिर थामा एक-दूसरे का हाथ

0
44

 

हाथरस में शनिवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। जनपद न्यायाधीश विनय कुमार-तृतीय की अध्यक्षता में आयोजित लोक अदालत का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

राष्ट्रीय लोक अदालत में विभिन्न प्रकृति के कुल 79 हजार 510 वादों का निस्तारण किया गया। मोटर दुर्घटना प्रतिकर के 36 मामलों में पीड़ितों को 3 करोड़ 30 लाख 55 हजार रुपये प्रतिकर दिलाया गया।

वहीं 40 सिविल वाद, 25 पारिवारिक वाद और विद्युत अधिनियम के 301 मामलों का निस्तारण किया गया। विद्युत मामलों में 89 हजार रुपये अर्थदंड वसूला गया। धारा 138 एनआई एक्ट के 16 मामलों में 37 लाख 74 हजार 480 रुपये की समझौता राशि दिलाई गई।

लोक अदालत में 36 हजार 851 राजस्व वाद, 3 हजार 229 लघु आपराधिक वाद और 4 हजार 297 मोटर वाहन अधिनियम एवं चालान से जुड़े मामलों का भी निस्तारण हुआ। इन मामलों में 4 लाख 9 हजार 300 रुपये अर्थदंड वसूला गया।

प्री-लिटिगेशन स्तर पर बैंकों से जुड़े 612 ऋण मामलों का निस्तारण करते हुए करीब 4 करोड़ 56 लाख 25 हजार 582 रुपये में समझौता कराया गया। इसके अलावा बैंक के 26 हजार 530 अन्य मामलों और विद्युत विभाग के 7 हजार 552 मामलों का भी निस्तारण किया गया।

लोक अदालत में कई पुराने मामलों का भी समाधान हुआ। सादाबाद न्यायालय में 20 साल से अधिक पुराने मामलों में दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर आपसी सुलह-समझौते के आधार पर विवाद समाप्त कराया गया।

वहीं परिवार न्यायालय में पति-पत्नी के विवादों में समझौता कराकर 8 जोड़ों को फिर से साथ-साथ उनके घर भेजा गया। इस दौरान दोनों पक्षों ने खुशी के साथ समझौता स्वीकार किया।

राष्ट्रीय लोक अदालत के समापन पर नोडल अधिकारी प्रशान्त कुमार और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अनु चौधरी ने उपस्थित सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here