सिकंदराराऊ में पटाखें की दुकानों और गोदामों की हुई जांच,अधिकारियों ने दिए सख्त निर्देश

0
27

सिकंदराराऊ। कौशाम्बी जिले में हुए पटाखा फैक्ट्री विस्फोट के बाद पूरे प्रदेश में आतिशबाजी के भंडारण और बिक्री को लेकर प्रशासन सतर्क हो गया है। शासन के निर्देश पर सोमवार, 7 सितंबर को सिकंदराराऊ में पटाखा दुकानों और गोदामों का निरीक्षण किया गया।

उप जिलाधिकारी धर्मेंद्र सिंह चौहान, क्षेत्राधिकारी अमित पाठक और थाना प्रभारी शिवकुमार शर्मा की संयुक्त टीम ने जीटी रोड स्थित आतिशबाजी की दुकानों और संबंधित स्थानों की जांच की।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन पटाखा विक्रेताओं के लाइसेंस का नवीनीकरण नहीं हुआ है, वे अपनी दुकानें पूरी तरह बंद रखें। साथ ही दुकानों में सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए।

अधिकारियों ने विद्युत उपकरणों से होने वाले शॉर्ट सर्किट के खतरे को देखते हुए भी दुकानदारों को सावधानी बरतने को कहा। इसी क्रम में जीटी रोड स्थित एक दुकान में लगे पंखे को हटवाने के निर्देश दिए गए।

प्रशासन ने चेतावनी दी कि यदि कहीं भी अवैध रूप से पटाखों का भंडारण पाया गया तो संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने दुकानदारों से लाइसेंस और सुरक्षा नियमों का पूरी तरह पालन करने की अपील की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here