हाथरस। थाना हसायन क्षेत्र के गांव करारमई में बीती शाम 15 वर्षीय किशोर का शव गांव के निकट मंदिर परिसर में पेड़ पर लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन किशोर को तत्काल सिकंदराराऊ स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की पहचान 15 वर्षीय कृष्णा पुत्र यशवेंद्र सिंह निवासी करारमई थाना हसायन के रूप में हुई है। परिजनों ने गांव के ही कुछ लोगों पर जमीन विवाद के चलते हत्या का आरोप लगाया है। मृतक के पिता का आरोप है कि जमीन के विवाद को लेकर कुछ लोग आए दिन उन्हें धमकी देते थे।
फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपने की कार्रवाई की जा रही है। किशोर की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।










