हाथरस। जनपद में 9 सितंबर से 8 अक्टूबर तक 9वां राष्ट्रीय पोषण माह मनाया जाएगा। पोषण अभियान के तहत आयोजित होने वाले इस अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री के ‘सुपोषित भारत’ और ‘कुपोषण मुक्त भारत’ के विजन को जनभागीदारी के माध्यम से आगे बढ़ाना है।
इस वर्ष राष्ट्रीय पोषण माह की थीम “हमारी आंगनबाड़ी, हमारी जिम्मेदारी” रखी गई है। अभियान के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों को पोषण, देखभाल और बाल विकास से जुड़ी गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनाया जाएगा।
राष्ट्रीय पोषण माह की पांच प्रमुख थीम निर्धारित की गई हैं। इनमें आहार विविधता एवं पर्याप्त प्रोटीन, आंगनबाड़ी केंद्रों पर ताजा पका भोजन, सामुदायिक स्वामित्व एवं जवाबदेही, बाल विकास के लिए पोषण एवं प्रारंभिक उद्दीपन तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत नगद हस्तांतरण शामिल हैं।
पोषण माह के दौरान दिवसवार विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी और उनकी जानकारी भारत सरकार के जन आंदोलन पोर्टल पर भी दर्ज की जाएगी।
9 सितंबर 2026 को वाराणसी से 9वें राष्ट्रीय पोषण माह का शुभारंभ किया जाएगा। अभियान को सफल बनाने के लिए जिलाधिकारी हाथरस और मुख्य विकास अधिकारी के निर्देश पर जिला कार्यक्रम अधिकारी, बाल विकास परियोजना अधिकारियों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
विभाग की ओर से पूरे माह विभिन्न गतिविधियों के जरिए लोगों को पोषण के प्रति जागरूक किया जाएगा और जनभागीदारी के माध्यम से सुपोषित भारत के संकल्प को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।










