सासनी तहसील परिसर में सोमवार को जनता दरबार का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता एसडीएम शिव प्रकाश यादव और तहसीलदार डॉली यादव ने संयुक्त रूप से की। दरबार में पहुंचे फरियादियों की समस्याओं को अधिकारियों ने गंभीरता से सुना और उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।
जनता दरबार के दौरान कुल चार शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से एक शिकायत का मौके पर ही सफल निस्तारण कर दिया गया। एसडीएम शिव प्रकाश यादव ने इस अवसर पर उपस्थित सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे फरियादियों की समस्याओं को पूरी तन्मयता से सुनें और तय समयसीमा के भीतर उनका गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करें।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि समस्या का समाधान होने के बाद फरियादी से संपर्क कर यह जरूर सुनिश्चित किया जाए कि वह निस्तारण से संतुष्ट है या नहीं।
इस दौरान तहसील के कानूनगो, लेखपाल सहित विभिन्न विभागों के तमाम अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।










