हाथरस। निस्वार्थ सेवा संस्थान द्वारा समाजहित में एक अत्यंत सराहनीय एवं मानवीय पहल करते हुए डीप फ्रीजर (शव संरक्षण मशीन) सेवा का शुभारंभ किया गया है। यह सेवा विशेष रूप से उन परिवारों के लिए राहत लेकर आई है, जिन्हें किसी प्रियजन के निधन के बाद दूर-दराज से आने वाले परिजनों का इंतजार करना पड़ता है।
इस पुनीत कार्य को साकार करने का श्रेय श्री आनंद गोयल एवं उनकी माताजी पुष्पलता गोयल (कानपुर बारदाना स्टोर) को जाता है, जिन्होंने अपने पूज्य पिता स्वर्गीय श्री विजय अग्रवाल की 5वीं पुण्यतिथि की पावन स्मृति में यह डीप फ्रीजर समाज को समर्पित किया है। एक बेटे द्वारा अपने पिता की स्मृति को सेवा के माध्यम से जीवंत रखने का यह प्रयास समाज के लिए प्रेरणास्रोत बन गया है और यह संदेश देता है कि सच्ची श्रद्धांजलि वही है, जो समाज के काम आए।
संस्थान के अध्यक्ष सुनील अग्रवाल ने कहा, “किसी अपने के जाने का दुख शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता, लेकिन ऐसे समय में सहारा देना ही सच्ची सेवा है। यह पहल उन्हीं संवेदनाओं को ध्यान में रखकर शुरू की गई है। यदि इससे किसी परिवार को थोड़ी भी राहत मिलती है, तो हमारा प्रयास सफल होगा। आगे भी हम समाज सेवा के ऐसे कार्य जारी रखेंगे।”
संस्थान के पदाधिकारियों ने बताया कि इस सेवा के माध्यम से पार्थिव देह को सुरक्षित रखा जा सकेगा, जिससे परिवारजन बिना किसी जल्दबाजी के अपने रिश्तेदारों के आने का इंतजार कर सकेंगे और सभी को अंतिम दर्शन का अवसर मिल सकेगा। यह सेवा पूरी तरह से जनहित को ध्यान में रखते हुए शुरू की गई है और इसे समाज के हर वर्ग के लिए सुलभ बनाया गया है। संस्था का उद्देश्य है कि दुख की घड़ी में कोई भी परिवार संसाधनों की कमी के कारण परेशान न हो। इसी भावना के तहत इस सेवा के लिए केवल नाममात्र का शुल्क निर्धारित किया गया है, जिससे मशीन का रखरखाव और सेवा की निरंतरता बनी रहे।
सेवा के लिए संपर्क समय सुबह 8:00 बजे से रात 8:00 बजे तक निर्धारित किया गया है। आवश्यकता पड़ने पर श्री हिमांशु गौर (मो. 8755054555) एवं श्री निष्कर्ष गर्ग (मो. 9456859275) से संपर्क किया जा सकता है।
इस अवसर पर संस्था अध्यक्ष सुनील अग्रवाल, सचिव नीरज गोयल, कोषाध्यक्ष/मीडिया प्रभारी सीए प्रतीक अग्रवाल, प्रवक्ता हिमांशु गौड़, कॉर्डिनेटर चंद्र प्रकाश अग्रवाल, सोशल मीडिया प्रभारी सारांश टालीवाल, सह सचिव तरुण राघव, सह सचिव निष्कर्ष गर्ग, ध्रुव कोठीवाल, सतेंद्र मोहन, अवधेश कुमार बंटी, टेकपाल कुशवाह, लोकेश सिंघल, विशाल सोनी, सौरभ शर्मा, आलोक अग्रवाल, शिवम सोनी, शिवम वर्मा सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।









