हाथरस में बुधवार को 9वें राष्ट्रीय पोषण माह का किया गया शुभारंभ

0
23

हाथरस में बुधवार को 9वें राष्ट्रीय पोषण माह का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर विकास भवन सभागार में कार्यक्रम आयोजित हुआ, जहां वाराणसी से मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश योगी आदित्यनाथ जी द्वारा किए गए शुभारंभ कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा गया।

कार्यक्रम का उद्घाटन सदस्य राज्य महिला आयोग रेनू गौड़ और मुख्य विकास अधिकारी पी0एन0 दीक्षित ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
इस दौरान प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना में उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं, योजना के तहत जिले में सर्वाधिक फॉर्म भरवाने वाली हाथरस ग्रामीण की सीडीपीओ सोनी कुमारी और सिकंदराराऊ की सीडीपीओ कल्पना दुबे को भी सम्मानित किया गया।

मा0 सदस्य राज्य महिला आयोग ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को बढ़े हुए मानदेय पर बधाई दी और पोषण माह के दौरान निर्धारित थीम के अनुसार अधिक से अधिक गतिविधियां आयोजित करने के साथ लोगों को अभियान से जोड़ने की अपील की।

इस मौके पर गर्भवती महिलाओं को पोषण ढलिया वितरित की गई और शिशुओं का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया गया।
जिला कार्यक्रम अधिकारी धीरेन्द्र उपाध्याय ने बताया कि इस वर्ष 9वां राष्ट्रीय पोषण माह “हमारी आंगनबाड़ी, हमारी जिम्मेदारी” की अवधारणा पर 9 सितंबर से 8 अक्टूबर तक मनाया जाएगा।

पोषण माह के दौरान आहार विविधता और पर्याप्त प्रोटीन, आंगनबाड़ी केंद्रों पर ताजा पका भोजन, सामुदायिक स्वामित्व एवं जवाबदेही, बाल विकास के लिए पोषण एवं प्रारंभिक उद्दीपन तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत नगद हस्तांतरण जैसे पांच प्रमुख विषयों पर गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

आयोजित होने वाली सभी गतिविधियों की जानकारी भारत सरकार के जन आंदोलन पोर्टल पर भी फीड की जाएगी। अधिकारियों ने सभी आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और संबंधित कर्मचारियों से अभियान के लक्ष्यों को प्रत्येक लाभार्थी तक पहुंचाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में जिला प्रोबेशन अधिकारी सीमा मौर्या, बाल विकास परियोजना अधिकारी, मुख्य सेविकाएं और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां मौजूद रहीं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here