हाथरस। अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद एवं राष्ट्रीय बजरंग दल के पदाधिकारियों ने बुधवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर अपर पुलिस अधीक्षक रामानंद कुशवाहा को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में 3 सितंबर को आगरा से अलीगढ़ की ओर जा रहे एक वाहन को सादाबाद थाना क्षेत्र में गौ रक्षकों द्वारा रोककर पुलिस को सूचना दिए जाने के मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की गई। पदाधिकारियों ने बताया कि पुलिस द्वारा वाहन को छोड़ने के बाद उसे प्रताप चौराहे पर दोबारा रोका गया, जहां पुलिस और गौ रक्षकों के बीच विवाद होने की जानकारी सामने आई।
ज्ञापन में कहा गया कि वाहन में मौजूद मांस को कुछ गौ रक्षकों ने गोवंश का मांस होने की आशंका जताई थी, जबकि इसकी वास्तविक पुष्टि सक्षम वैज्ञानिक एवं फोरेंसिक जांच के माध्यम से ही संभव है। संगठन ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच के लिए सक्षम अधिकारी के नेतृत्व में टीम गठित करने तथा जांच कमेटी में वास्तविक रूप से गौ सेवा करने वाले गौ रक्षक प्रतिनिधियों को शामिल करने की मांग की। साथ ही प्रताप चौराहे पर हुई घटना की सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच कराने की मांग रखी गई।
पदाधिकारियों ने वाहन के आगरा से आने के स्थान, उसके पंजीकरण, संचालक तथा अलीगढ़ में उसके गंतव्य की भी जांच कराने की मांग की। इसके अलावा वाहन में मिले मांस के नमूने को अधिकृत प्रयोगशाला में भेजकर वैज्ञानिक जांच कराने सहित करीब 11 मांगें ज्ञापन के माध्यम से रखी गईं। ज्ञापन देने वालों में रामकुमार, राहुल कुमार, जीतू सिंह राणा, धर्मेंद्र सिंह, गणेश, लोकेंद्र ठाकुर, विशाल कुरुक्षेत्र, जिलाध्यक्ष योगेंद्र कुमार सिंह, योगी त्यागी बाबा प्रमुख जयवीर सिंह, रोहित कुमार सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।










