हाथरस। विकासखंड हसायन की ग्राम पंचायत अंडोली के गांव कोड़रा में बुधवार को मुख्यमंत्री खाद्य प्रसंस्करण ग्राम स्वरोजगार योजना के तहत दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ ग्राम प्रधान राजवीर सिंह, पूर्व प्रभारी जे.सी. शर्मा और विशन सिंह ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया। प्रशिक्षण में 30 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
प्रशिक्षणार्थियों को दी गई किट
कार्यक्रम के दौरान सभी प्रशिक्षणार्थियों को खाद्य प्रसंस्करण से संबंधित प्रशिक्षण किट वितरित की गईं। ग्राम प्रधान राजवीर सिंह ने प्रतिभागियों से प्रशिक्षण का पूरा लाभ उठाने और इसे स्वरोजगार से जोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में छोटी-छोटी खाद्य प्रसंस्करण इकाइयां स्थापित कर आमदनी के साथ रोजगार के अवसर भी बढ़ाए जा सकते हैं।
खाद्य उत्पाद तैयार करने की बताई विधि
पूर्व प्रभारी जे.सी. शर्मा ने प्रशिक्षणार्थियों को अचार, मुरब्बा, शरबत, फलों का जूस तथा विभिन्न खाद्य पदार्थों को संरक्षित करने की प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इन उत्पादों को तैयार करने का प्रशिक्षण लेकर ग्रामीण अपने स्तर पर व्यवसाय शुरू कर सकते हैं।
पूर्व प्रभारी विशन सिंह ने खाद्य प्रसंस्करण विभाग से जुड़ी योजनाओं की जानकारी देते हुए ग्रामीणों को इस क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। केंद्र प्रभारी श्रीमती योगेश्वरी ने इकाई स्थापित करने, समूह के माध्यम से काम करने और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने ग्रामीण स्तर पर मिलने वाले लाभों की जानकारी देते हुए बताया कि योजना के तहत सरकार की ओर से 50 प्रतिशत तक अनुदान दिया जाएगा।
कार्यक्रम में विष्णु पचौरी ने जिले में संचालित PMFME योजना और उद्योग नीति-2023 की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पात्र लाभार्थियों को मशीनरी आदि के लिए 35 प्रतिशत तक अनुदान दिया जा सकता है, जिसकी अधिकतम सीमा 10 लाख रुपये तक है। उन्होंने योजना का लाभ लेकर खाद्य प्रसंस्करण से जुड़ी इकाई स्थापित करने के लिए ग्रामीणों को प्रोत्साहित किया।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को खाद्य प्रसंस्करण से जुड़े कार्यों की व्यावहारिक जानकारी के साथ-साथ इकाई स्थापित करने, सरकारी सहायता प्राप्त करने और व्यवसाय को आगे बढ़ाने के बारे में बताया गया। वक्ताओं ने कहा कि खाद्य प्रसंस्करण के क्षेत्र में ग्रामीण स्तर पर स्वरोजगार की काफी संभावनाएं हैं।
कार्यक्रम का संचालन केंद्र प्रभारी योगेश्वरी ने किया। आयोजन में संजय चौधरी का विशेष सहयोग रहा।










