सिकंद्राराऊ में भारतीय जनता पार्टी के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के स्वागत एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। अलीगढ़ रोड स्थित तरुण वैली गेस्ट हाउस में आयोजित कार्यक्रम में पार्टी कार्यकर्ताओं ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का फूल-मालाएं पहनाकर और बुके भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाहा मौजूद रहे। उन्होंने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संगठन को मजबूत बनाने में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की अहम भूमिका है।
उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से पार्टी की नीतियों और सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ ही संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया।
वहीं कार्यक्रम में मौजूद वक्ताओं ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण के दम पर लगातार संगठन को मजबूत करने का काम कर रही है। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने भी पार्टी नेतृत्व का आभार जताते हुए संगठन हित में पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का भरोसा दिलाया।
समारोह के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे और नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की।










