‘स्वास्थ्य आपके द्वारा’ को मिला विस्तार, गांव गांव पहुंचेगी मोबाइल मेडिकल यूनिट

0
29

 

हाथरस जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं को आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से ‘स्वास्थ्य आपके द्वार’ पहल को विस्तार दिया जा रहा है। इसी क्रम में महान फूड्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा स्वास्थ्य विभाग को उपलब्ध कराई गई मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से कलेक्ट्रेट परिसर में स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया। शिविर में जिलाधिकारी अतुल वत्स के साथ अधिवक्ताओं, अधिकारियों-कर्मचारियों और कलेक्ट्रेट आने वाले लोगों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराया।

मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से रक्त की जांच की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। आधुनिक मशीन से करीब 30 सेकंड में जांच पूरी होने के बाद रिपोर्ट का प्रिंटआउट भी तत्काल उपलब्ध कराया जाता है। इसके अलावा यूनिट में दंत परीक्षण और सामान्य स्वास्थ्य जांच की सुविधा भी मौजूद है।

जिलाधिकारी अतुल वत्स ने बताया कि मोबाइल मेडिकल यूनिट का मुख्य उद्देश्य दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों, उपेक्षित बस्तियों और ऐसे लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है, जो किसी कारणवश स्वास्थ्य केंद्र तक नहीं पहुंच पाते। उन्होंने कहा कि यूनिट को केवल सरकारी कार्यालयों तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि गांवों, उपेक्षित मोहल्लों, घुमंतू एवं अन्य वंचित समुदायों की बस्तियों तक पहुंचाया जाएगा।

मोबाइल मेडिकल यूनिट का विशेष फोकस गर्भवती महिलाओं में एनीमिया की पहचान और उपचार पर रखा गया है। प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत ऐसे गांवों को प्राथमिकता दी जा रही है, जहां गर्भवती महिलाओं की संख्या अधिक है। समय से एनीमिया की पहचान और उपचार से प्रसव संबंधी जटिलताओं को कम करने में मदद मिलेगी।

जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में करीब छह माह से ‘एनीमिया मुक्त जनपद हाथरस’ अभियान भी संचालित किया जा रहा है। प्रत्येक तीसरे सप्ताह आयरन सुक्रोज कैंप आयोजित कर चिन्हित गर्भवती महिलाओं को आवश्यक डोज उपलब्ध कराई जा रही है।

आने वाले समय में पुलिस लाइन, विकास भवन सहित अन्य सरकारी कार्यालयों के अलावा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों, परिषदीय विद्यालयों और अन्य शैक्षणिक संस्थानों में भी स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किए जाएंगे। यूनिट के साथ जनरल फिजिशियन भी उपलब्ध रहेंगे और जांच में स्वास्थ्य संबंधी समस्या मिलने पर आवश्यक चिकित्सकीय जांच कराई जाएगी।

कलेक्ट्रेट में आयोजित शिविर के दौरान जिलाधिकारी ने स्वयं स्वास्थ्य जांच कराई और अधिकारियों-कर्मचारियों को नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन से ही अधिकारी-कर्मचारी अपने दायित्वों का पूरी क्षमता और समर्पण के साथ निर्वहन कर सकते हैं।

जिलाधिकारी ने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं और उन्हें स्वस्थ रखना सभी की जिम्मेदारी है। मोबाइल मेडिकल यूनिट के जरिए स्वास्थ्य सेवाओं को घर और गांव तक पहुंचाने के साथ लोगों में नियमित स्वास्थ्य जांच और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता की भावना भी विकसित की जा रही है। जनपद के ग्रामीण एवं वंचित क्षेत्रों में यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here