हाथरस। देश के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में इन्फ्लूएन्जा-ए यानी H1N1 के बढ़ते मामलों को देखते हुए हाथरस स्वास्थ्य विभाग ने भी तैयारियां तेज कर दी हैं। रोग की प्रभावी निगरानी, संदिग्ध मरीजों की समयबद्ध पहचान, शीघ्र उपचार और गंभीर मरीजों के बेहतर रेफरल को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर है।
इसी क्रम में 29 अगस्त को मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. वेद प्रकाश की अध्यक्षता में H1N1 की रोकथाम, नियंत्रण और उपचार को लेकर वर्चुअल बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी प्रभारी चिकित्साधिकारियों को निर्देश दिए गए कि ब्लॉक स्तर के प्रत्येक चिकित्सालय में H1N1 संदिग्ध और पुष्ट मरीजों के लिए कम से कम चार बेड आरक्षित रखे जाएं।
अस्पतालों में ऑक्सीजन, आवश्यक दवाएं, PPE किट, मास्क और सैनिटाइजर की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ Fever, ILI और SARI मरीजों के लिए अलग रजिस्टर बनाने के निर्देश दिए गए हैं।
हर विकासखंड में Rapid Response Team यानी RRT का गठन कर श्रेणी-B के मरीजों के उपचार, होम आइसोलेशन की सलाह और नियमित फॉलोअप की व्यवस्था करने को कहा गया है। साथ ही 24 घंटे कंट्रोल रूम संचालित कर H1N1 से संबंधित सूचना मिलते ही RRT को सक्रिय करने के निर्देश दिए गए।
MDTB चिकित्सालय में 24×7 पृथक वार्ड स्थापित किया गया है। गंभीर मरीजों को बिना देरी MDTB चिकित्सालय रेफर करने तथा आवश्यकता पड़ने पर RT-PCR जांच और विशेषज्ञ उपचार उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से मास्क लगाने, हाथों की स्वच्छता रखने, भीड़भाड़ से बचने और खांसी-छींकते समय मुंह व नाक ढकने की अपील की है। साथ ही H1N1 के लक्षण दिखाई देने पर समय से चिकित्सकीय परामर्श लेने की सलाह दी गई है।










