श्री दाऊजी महाराज मेले की तैयारी को लेकर डीएम और एसपी ने विकास भवन सभागार की बैठक, अधिकारियों को दिए निर्देश

0
10

 

हाथरस विकास भवन सभागार में शनिवार को जिलाधिकारी अतुल वत्स और पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा की अध्यक्षता में 115वें तृतीय प्रांतीय लक्खी मेला श्री दाऊजी महाराज की तैयारियों को लेकर संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में मेले में होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों के संयोजकों के साथ समन्वय के लिए लगाए गए अधिकारियों तथा मेला कोर कमेटी के सदस्यों ने भाग लिया।

जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम संयोजकों के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखें और उनके द्वारा बताई जाने वाली समस्याओं का समय रहते निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने अधिकारियों से अपने-अपने ड्यूटी प्वाइंट का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेने और किसी भी कमी की जानकारी तत्काल प्रशासन को देने को कहा।

डीएम अतुल वत्स ने बताया कि मेला नजदीक आने के साथ तैयारियां अंतिम चरण में हैं। मेले में श्रद्धालुओं और आमजन की सुविधा के लिए फुटपाथ, इंटरलॉकिंग, मोबाइल टॉयलेट, पेयजल प्वाइंट, रेस्ट प्लेस और पार्किंग की व्यवस्थाओं को बेहतर किया जा रहा है। यातायात व्यवस्था के लिए विभिन्न स्थानों पर डायवर्जन भी लागू किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि इस बार मेले में स्थायी प्रकृति के इंफ्रास्ट्रक्चर पर विशेष जोर दिया गया है। जिन स्थानों पर बारिश के दौरान कीचड़ की समस्या रहती थी, वहां इंटरलॉकिंग कराई गई है। तालाब में जमा वेस्ट वाटर की ड्रेजिंग कराकर उसे रिक्लेम किया गया है। पुलिस प्रशासन की निगरानी के लिए तीन से चार स्थानों पर स्थायी वॉच टावर भी तैयार किए जा रहे हैं।

मेले के पंडालों की गुणवत्ता में सुधार के साथ झूलों और फूड स्टॉल को भी व्यवस्थित किया गया है। झूले और फूड स्टॉल अलग-अलग स्थानों पर लगाए जाएंगे। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सीसीटीवी कैमरों की संख्या 30 से बढ़ाकर 120 कर दी गई है। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर भी विशेष निगरानी रखी जाएगी, ताकि कोई एक्सपायर्ड या खराब गुणवत्ता का खाद्य पदार्थ बिक्री के लिए न रखा जाए।

डीएम ने बताया कि मेले में मेडिकल व्यवस्था के लिए छोटा पीएचसी और मेडिकल टीम स्थायी रूप से तैनात रहेगी। उन्होंने अधिकारियों से मेले को घटना-रहित बनाने के लिए पूरी सजगता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए।
बैठक में अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए गए कि कार्यक्रम संयोजकों के साथ समन्वय करते हुए सोशल मीडिया पर उनके कार्यक्रमों से संबंधित गलत या भ्रामक जानकारी प्रसारित होने पर नजर रखें और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।

बैठक में सीडीओ पीएन दीक्षित, एडीएम एफआर प्रशांत तिवारी, एडीएम न्यायिक प्रकाश चंद्र, सीएमओ डॉ. वेद प्रकाश, एएसपी रामानंद कुशवाह, पीडी प्रेम नाथ यादव, एसडीएम सदर राज बहादुर सिंह, ओसी कलेक्ट्रेट, सीओ सिटी हिमांशु माथुर सहित प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here