हाथरस में ग्राम चौपाल के आयोजन को लेकर प्रशासन ने कार्यक्रम में आंशिक संशोधन किया है।
पहले 21 अगस्त को ग्राम पंचायत सासनी देहात में ग्राम चौपाल का आयोजन प्रस्तावित था, लेकिन अपरिहार्य कारणों के चलते अब ग्राम चौपाल का आयोजन विकासखंड मुरसान की ग्राम पंचायत विशुनदास में किया जाएगा।
ग्राम चौपाल का आयोजन 21 अगस्त 2026 को दोपहर 12 बजे से मुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित की अध्यक्षता में होगा।
चौपाल में ग्रामीणों को विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं और सरकारी कार्यक्रमों की जानकारी दी जाएगी। साथ ही पात्र लाभार्थियों का मौके पर पंजीकरण कर उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने की कार्रवाई की जाएगी।
संबंधित विभागीय अधिकारियों को योजनाओं की अद्यतन जानकारी और जरूरी अभिलेखों के साथ समय से चौपाल में पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अलावा अधिकारियों द्वारा ग्राम पंचायत में निर्मित और निर्माणाधीन विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण भी किया जाएगा, ताकि कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति की जांच की जा सके।
वहीं, खंड विकास अधिकारी को वर्षा से बचाव की पर्याप्त व्यवस्था और सभी विभागों के स्टॉल लगाने की सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।










