हाथरस में आगामी 12 सितंबर को प्रस्तावित राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को लेकर जनपद न्यायालय में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
जनपद न्यायाधीश विनय कुमार-तृतीय की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में अपर जनपद न्यायाधीश एवं राष्ट्रीय लोक अदालत के नोडल अधिकारी प्रशान्त कुमार, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अनु चौधरी समेत सभी न्यायिक अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में जनपद न्यायाधीश ने सभी न्यायालयों में राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए चिन्हित किए गए वादों की जानकारी ली। साथ ही पक्षकारों को जारी किए गए सम्मन और नोटिस की तामीला की अद्यतन स्थिति की भी समीक्षा की गई।
जनपद न्यायाधीश ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐसे अधिक से अधिक मामलों को चिन्हित किया जाए, जिनका निस्तारण आपसी सुलह और समझौते के आधार पर संभव है।
उन्होंने पुराने लंबित मामलों के पक्षकारों को भी सुलह-समझौते के लिए प्रेरित करने और राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से अधिक से अधिक वादों का निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों से राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए पूरी गंभीरता और प्रयास के साथ कार्य करने को कहा गया।










