सासनी के आगरा-अलीगढ़ रोड पर एक मोपेड सवार व्यक्ति बच्चों को बचाने के प्रयास में घायल हो गया। मोपेड अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई, जिससे सवार गंभीर रूप से चोटिल हो गया। उसे तुरंत एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया।
यह घटना शनिवार दोपहर करीब 2 बजे हुई। खुर्जा निवासी धर्मेंद्र (पुत्र रामबाबू) अपनी मोपेड से सिलेंडर लेकर खुर्जा लौट रहा था। वह अपने परिवार के साथ खुर्जा में मजदूरी करता है, जबकि उसका घर सासनी के मोहल्ला बिजलीघर में है।
धर्मेंद्र आगरा-अलीगढ़ रोड पर गांव जरैया मोड़ के पास पहुंचा, तभी कुछ बच्चे सड़क पार कर रहे थे। बच्चों को बचाने की कोशिश में उसकी मोपेड बेकाबू हो गई और वह सड़क पर गिर गया। इस हादसे में धर्मेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया और मोपेड भी क्षतिग्रस्त हो गई।
घटनास्थल पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। किसी राहगीर ने 108 एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस तुरंत मौके पर पहुंची और घायल धर्मेंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई। वहां डॉक्टरों और स्टाफ ने उसका उपचार किया।
घटना की जानकारी मिलने पर डायल 112 पुलिस भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंची और घायल से पूछताछ की। अस्पताल स्टाफ ने धर्मेंद्र के परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी है।
घायल धर्मेंद्र की पत्नी ने फोन पर जानकारी देते हुए बताया कि वहा खुर्जा रहते हैं और वहां रहकर धर्मेंद्र मेहनत मजदूरी कर अपने परिवार का भरण पोषण करता है जो कि आज सिलेंडर लेने के लिए सासनी अपने घर पर आया था।










