सिकंदराराऊ में आंगनबाड़ी सम्मान समारोह का किया आयोजन, नवनियुक्त कार्यकर्ताओं को मिले नियुक्ति पत्र

0
28

सिकंदराराऊ में आंगनबाड़ी सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नवनियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। इस दौरान बेहतर कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को भी सम्मानित किया गया।सिकंदरा राव क्षेत्र में आयोजित आंगनबाड़ी सम्मान समारोह में जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने शिरकत की। कार्यक्रम के दौरान सिकंदरा राव क्षेत्र की 35 नवनियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए, जबकि आसन क्षेत्र में 25 नियुक्तियां की गईं।

नियुक्ति पत्र मिलने के बाद नवनियुक्त कार्यकर्ताओं के चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दी। वहीं, कुपोषण से जूझ रहे बच्चों को बेहतर पोषण उपलब्ध कराकर उन्हें कुपोषण से बाहर लाने में सराहनीय भूमिका निभाने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को भी सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में दो आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को विशेष रूप से सम्मानित किया गया, जिन्होंने दो बच्चों को कुपोषण की स्थिति से निकालकर पोषण की स्थिति में पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

समारोह में विधायक वीरेंद्र सिंह राणा और उप जिलाधिकारी धर्मेंद्र सिंह समेत संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। अतिथियों ने नवनियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सरकार की योजनाओं को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण कड़ी हैं।

बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक शिक्षा के क्षेत्र में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की भूमिका बेहद अहम है। अधिकारियों ने कहा कि पात्र महिलाओं को रोजगार के अवसर देने के साथ-साथ आंगनबाड़ी केंद्रों को और अधिक प्रभावी बनाने का प्रयास लगातार जारी है।

कार्यक्रम के दौरान नवनियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने सरकार और प्रशासन का आभार जताया। सम्मान समारोह ने कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाने के साथ उन्हें बच्चों के बेहतर भविष्य और समाज के विकास के लिए और अधिक जिम्मेदारी से कार्य करने का संदेश दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here