हाथरस में शिकायतों के निस्तारण को लेकर डीएम सख्त, लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी….

0
26

हाथरस में लंबित रिट, आयोग संदर्भ, आरटीआई, आईजीआरएस और सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण को लेकर जिलाधिकारी अतुल वत्स ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि शिकायतों का निस्तारण समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से किया जाए। लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान जिलाधिकारी अतुल वत्स ने विभिन्न माध्यमों से प्राप्त शिकायतों और लंबित प्रकरणों की स्थिति की समीक्षा की।

डीएम ने कहा कि आयोग से प्राप्त संदर्भ, आरटीआई, आईजीआरएस और जनता दर्शन के माध्यम से आने वाली शिकायतों का निस्तारण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय करते हुए कड़ी कार्रवाई की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर निलंबन के लिए शासन को भी पत्र भेजा जाएगा।

डीएम ने खास तौर पर भूमि संबंधी शिकायतों में आवश्यकतानुसार मौके पर जाकर स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश दिए, ताकि शिकायतों का वास्तविक और संतोषजनक समाधान हो सके।

वहीं, आरटीआई प्रकरणों में निर्धारित समय-सीमा के भीतर सटीक और संतोषजनक सूचना उपलब्ध कराने तथा आयोग से जुड़े मामलों में समय से जांच कर गुणवत्तापूर्ण आख्या भेजने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि पोर्टल पर केवल गुणवत्तापूर्ण निस्तारण आख्या ही अपलोड की जाए, जिससे शिकायतों की पुनरावृत्ति न हो और शिकायतकर्ता पूरी तरह संतुष्ट हो सके। साथ ही अधिकारियों को शिकायतकर्ताओं के प्रति सकारात्मक और मृदुल व्यवहार अपनाने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, प्रभागीय वनाधिकारी, अपर जिलाधिकारी न्यायिक, जिला विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्साधिकारी, प्रभारी अधिकारी कलेक्ट्रेट, सभी उप जिलाधिकारी और अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here