ई-रिक्शा की टक्कर से मोपेड सवार व्यक्ति की हुई मौत, परिवार में मचा कोहराम

0
17

 

हाथरस। कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र में जलेसर रोड पर नगला खान के पास शुक्रवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ई-रिक्शा ने मोपेड सवार व्यक्ति को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में मोपेड सवार की मौत हो गई।

मृतक की पहचान नगला खिरनी परसरा गांव निवासी 55 वर्षीय मुसीर खान के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मुसीर खान शुक्रवार रात मोपेड से अपने गांव वापस लौट रहे थे। इसी दौरान नगला खान के पास ई-रिक्शा ने उनकी मोपेड में टक्कर मार दी।

हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जुट गई। लोगों ने घायल मुसीर खान को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

हादसे के बाद ई-रिक्शा चालक मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस हादसे की जांच करने के साथ ही टक्कर मारने वाले ई-रिक्शा और उसके चालक की तलाश में जुटी है।

मुसीर खान की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक अपने पीछे पांच बच्चों को छोड़ गए हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here