सिकंदराराऊ में कलश यात्रा के साथ नवचंडी यज्ञ और देवी पुराण कथा का हुआ शुभारंभ

0
67

 

सिकंदराराऊ। हाथरस के सिकंदराराऊ नगर के मोहल्ला नगला शीशगर स्थित सिद्ध पीठ पथवारी माता मंदिर पर शारदीय नवरात्रि महोत्सव के पावन अवसर पर नवचंडी यज्ञ एवं श्री देवी पुराण भागवत कथा का भव्य शुभारंभ हुआ। महोत्सव के प्रथम दिन नगर में भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर माता रानी के जयकारे लगाए।

कलश यात्रा का शुभारंभ रामलीला मैदान स्थित मंदिर से विधि-विधान के साथ हुआ। यात्रा नयागंज, तिराहा बाजार, चूड़ी मार्केट, बारहसैनी, पुरानी तहसील रोड, पंत चौराहा और कासगंज रोड सहित नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होती हुई वापस पथवारी माता मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई।

यात्रा के शुभारंभ पर मुख्य आचार्य पंडित सुभाष चंद्र दीक्षित एवं अन्य विद्वान आचार्यों ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ पूजा-अर्चना संपन्न कराई। कलश यात्रा में महिलाएं पीले वस्त्र धारण कर सिर पर मंगल कलश लेकर चल रही थीं। वहीं, ढोल-नगाड़ों की गूंज और माता रानी के जयकारों से पूरा नगर भक्तिमय हो उठा।

नवरात्रि महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। कोतवाली प्रभारी शिवकुमार शर्मा पुलिस बल के साथ मुस्तैद रहे। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में भी पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी गई।

इस धार्मिक आयोजन में धर्मेंद्र शर्मा एडवोकेट, वीरो लाला, चेतन शर्मा, राजीव चतुर्वेदी, भानु प्रताप सक्सेना, वीरेंद्र सिंह चौहान, अरविंद भारद्वाज, शिरोमणि वार्ष्णेय, विनय चतुर्वेदी, संजीव पंडित, बबलू सिसोदिया, बृज बिहारी कौशिक, लकी शर्मा, विमल उपाध्याय, उमेश वार्ष्णेय, दीपक शर्मा, सुनील शर्मा, विष्णु शर्मा, हर्षित चतुर्वेदी, युवराज चतुर्वेदी और विनय शर्मा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

नवचंडी यज्ञ और श्री देवी पुराण कथा के शुभारंभ के साथ ही पथवारी माता मंदिर में धार्मिक उत्साह और भक्तिमय वातावरण देखने को मिला।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here