हाथरस में समाजवादी पार्टी कार्यालय पर महान स्वतंत्रता सेनानी और समाजवादी विचारक डॉ. राममनोहर लोहिया जी की पुण्यतिथि के अवसर पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम में सपा जिलाध्यक्ष देवेन्द्र कुशवाहा ने डॉ. लोहिया के विचारों को याद करते हुए कहा कि उन्होंने अपना पूरा जीवन सामाजिक समानता, सामाजिक न्याय और गैर-बराबरी को समाप्त करने के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने गरीबों, किसानों, मजदूरों, पिछड़ों, दलितों और वंचितों के अधिकारों के लिए संघर्ष किया।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि डॉ. राममनोहर लोहिया के विचार आज भी लोकतांत्रिक मूल्यों और समाजवादी व्यवस्था को मजबूत करने की प्रेरणा देते हैं। समाज से जातिगत भेदभाव, आर्थिक असमानता और सामाजिक अन्याय को समाप्त करना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
इस अवसर पर उपस्थित पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने डॉ. लोहिया के आदर्शों पर चलने तथा उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में अनूप यादव, कुलदीप सिंह, अरविन्द यादव, चेतन शर्मा, रवेन्द्र प्रजापति, अकील कुरैशी, बालकिशन यादव, शहवाज खां, प्रदीप कुशवाहा, नदीम सैफी, संजय शर्मा सहित बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता मौजूद रहे।










