ओवरटेक करते समय रोडवेज बस ट्रक के पीछे टकराई, डेढ दर्जन लोग घायल

0
23

 

अलीगढ़-आगरा रोड पर गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सादाबाद हाथरस रोड पर सिसोदिया ढाबे के पास ओवरटेक करने के दौरान एक रोडवेज बस आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसा इतना जोरदार था कि बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना में रोडवेज बस चालक समेत करीब डेढ़ दर्जन लोग घायल बताए जा रहे हैं।

बताया जा रहा है कि रोडवेज बस यात्रियों को लेकर सड़क मार्ग से जा रही थी। सिसोदिया ढाबे के पास बस चालक द्वारा आगे चल रहे वाहन को ओवरटेक करने का प्रयास किया गया। इसी दौरान बस अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक से पीछे से टकरा गई। टक्कर के बाद बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और कई लोग घायल हो गए।

हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने बस में फंसे और घायल यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की। सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया।

पुलिस और ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को 108 एंबुलेंस के माध्यम से सादाबाद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों द्वारा घायलों का उपचार किया जा रहा है। वहीं, मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने अस्पताल में घायलों का हालचाल जाना और चिकित्सकों को उपचार के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

फिलहाल पुलिस द्वारा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। इस भीषण दुर्घटना के बाद सड़क पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here