सिकंदराराऊ। मंडी समिति के निकट बीते 48 घंटे में कई सड़क हादसे सामने आने से राहगीरों में दहशत का माहौल है। गुरुवार, 27 अगस्त को दिल्ली से अलीगंज जैथरा जा रहे दंपति की बाइक मंडी समिति के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। बाइक पर नेहा और आलोक के साथ उनकी चार माह की बच्ची और चार साल की बच्ची भी सवार थीं। हादसे में दंपति समेत दोनों बच्चियों को गंभीर चोटें आईं, जिन्हें उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि हाईवे पर जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण यहां बार-बार पानी भर जाता है। पानी में तेज रफ्तार से आने वाले दोपहिया और चारपहिया वाहन अनियंत्रित होकर हादसे का शिकार हो जाते हैं।
लोगों का कहना है कि हाईवे निर्माण से जुड़ी ब्रज गोपाल कॉरपोरेशन कंपनी के जिम्मेदार अधिकारियों को कई बार समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक प्रभावी समाधान नहीं हुआ है।
रक्षाबंधन पर्व के चलते इन दिनों हाईवे पर वाहनों की आवाजाही और बढ़ने वाली है। ऐसे में स्थानीय लोगों ने जलभराव की समस्या का तत्काल समाधान कराने और हादसों पर रोक लगाने की मांग की है। अब सवाल यह है कि लगातार हो रहे हादसों के बाद जिम्मेदार विभाग और हाईवे निर्माण कंपनी कब जागेगी?










