हाथरस। आबकारी आयुक्त, उत्तर प्रदेश के आदेश एवं उच्चाधिकारियों के निर्देशों के क्रम में बुधवार को हाथरस में आबकारी विभाग द्वारा देशी शराब एवं कंपोजिट शॉप की फुटकर दुकानों का आकस्मिक सघन निरीक्षण किया गया।
क्षेत्रीय आबकारी निरीक्षक ने स्टाफ के साथ दुकानों पर पहुंचकर संचित मदिरा स्टॉक का मिलान किया। इस दौरान रैंडम आधार पर शराब की बोतलों पर लगे क्यूआर कोड को एक्साइज एप के माध्यम से स्कैन कर मदिरा का सत्यापन किया गया।
आबकारी अधिकारियों ने शराब विक्रेताओं को POS मशीन के माध्यम से 100 प्रतिशत मदिरा स्कैन करने के बाद ही बिक्री करने के निर्देश दिए। इसके अलावा विभागीय टीम द्वारा करैया गांव, सादाबाद क्षेत्र में दबिश भी दी गई।
आबकारी विभाग की कार्रवाई से शराब विक्रेताओं में हड़कंप की स्थिति रही। अधिकारियों ने नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए आगे भी इसी तरह के निरीक्षण और कार्रवाई जारी रखने की बात कही।










