मातृशक्ति सम्मान कार्यक्रम में महिलाओं को रक्षाबंधन की विशेष सौगात की जानकारी
हाथरस। अलीगढ़ रोड स्थित सेंट फ्रांसिस इंटर कॉलेज में बुधवार को मातृशक्ति सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाहा, जिलाधिकारी अतुल वत्स और पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा समेत कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान रक्षाबंधन के पर्व पर उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं के लिए शुरू की गई विशेष यात्रा सुविधा की जानकारी दी गई। बताया गया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की घोषणा के अनुसार 27 अगस्त सुबह 6 बजे से 29 अगस्त रात 12 बजे तक प्रदेश की सभी महिलाओं और बेटियों को रोडवेज बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी।
इसके साथ ही सरकार ने ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना’ की शुरुआत की है। योजना के तहत 60 वर्ष या उससे अधिक आयु की महिलाओं को रोडवेज बसों में स्थायी रूप से निःशुल्क यात्रा की सुविधा प्रदान की जाएगी।
सरकार का उद्देश्य मातृशक्ति को सम्मान देने के साथ महिलाओं की सुरक्षित और सुगम यात्रा सुनिश्चित करना है। योजना का संचालन परिवहन विभाग उत्तर प्रदेश द्वारा किया जाएगा। अधिक जानकारी के लिए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नंबर 1076 जारी किया गया है।
कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों ने सरकार की इस पहल को महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।










