हाथरस। थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र के मेंडू रेलवे स्टेशन पर आगरा फोर्ट से कासगंज जा रही पैसेंजर ट्रेन में एक 30 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना पर पहुंची जीआरपी पुलिस ने शव को ट्रेन की बोगी से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान सीटू पुत्र नन्नू मल निवासी डोरी नगर, थाना गांधी पार्क, अलीगढ़ के रूप में हुई है। बताया गया कि वह अपने एक दोस्त के साथ शादी समारोह में शहनाई बजाने का काम करने गया था। उसके दोस्त के मुताबिक, सीटू ने रास्ते में नशे के कैप्सूल का सेवन किया था और वह नशे का आदी था।
सूचना मिलने पर मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने बताया कि सीटू कई दिनों से घर से निकला हुआ था और परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। फिलहाल पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए जांच कर रही है।










