हाथरस में आपदा प्रबंधन को मजबूत बनाने के लिए एनडीआरएफ की ओर से सात दिवसीय आपदा बचाव प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में किला गेट स्थित सुरजोबाई कन्या इंटर कॉलेज में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण और गाजियाबाद से आई एनडीआरएफ की 16 सदस्यीय टीम ने छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को आपदाओं से बचाव के तरीके बताए।
कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलेज की प्रधानाचार्य श्रीमती शानू यादव ने किया, जबकि मंच संचालन अतुल वर्मा ने किया। प्रशिक्षण के दौरान प्राकृतिक, रासायनिक, जैविक, नाभिकीय और मानव जनित आपदाओं से निपटने के उपायों की जानकारी दी गई।
एनडीआरएफ की टीम ने भूकंप, बाढ़, विद्युत दुर्घटनाओं और अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में क्या करें और क्या न करें, इसके बारे में विस्तार से बताया। साथ ही सीपीआर देने और जरूरत पड़ने पर रेस्क्यू करने का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया। छात्र-छात्राओं ने डमी मॉडल पर अभ्यास कर आपदा बचाव के तरीके सीखे।
इस कार्यक्रम में 300 से अधिक छात्र-छात्राओं और 15 से अधिक शिक्षकों ने प्रतिभाग किया। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य आपदा के समय जनहानि, पशुहानि और अन्य नुकसान को कम करना तथा लोगों को जागरूक बनाना है। जनपद में सात दिवसीय कार्यक्रम के तहत अलग-अलग स्थानों पर प्रशिक्षण देकर लोगों को आपदा से निपटने के लिए तैयार किया जा रहा है।










