हाथरस। मिशन शक्ति फेस-6.0 के तहत हाथरस पुलिस का महिला जागरूकता अभियान लगातार जारी है। एसपी चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशन में जनपद के सभी थानों की मिशन शक्ति टीमों ने शहर, कस्बों, गांवों और मंदिरों में पहुंचकर महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक किया।
अभियान के दौरान महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन पर जोर दिया गया। महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों, घरेलू हिंसा, छेड़छाड़, पीछा करने और अन्य उत्पीड़न के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी गई।
इसके साथ ही साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी और सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल के बारे में भी जागरूक किया गया। पुलिस टीमों ने महिलाओं और बालिकाओं को महिला हेल्पलाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और साइबर हेल्पलाइन 1930 की जानकारी दी।
पुलिस ने बालिकाओं को शिक्षा, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता के प्रति प्रेरित किया। साथ ही महिलाओं से किसी भी तरह के उत्पीड़न पर चुप न रहने और बिना किसी डर के पुलिस से शिकायत करने की अपील की।
हाथरस पुलिस का कहना है कि मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने तथा उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।










