फिरोजाबाद में निस्वार्थ सेवा संस्थान ने अपनी नई इकाई की शुरुआत की है। 23 अक्टूबर को फिरोजाबाद क्लब में आयोजित कार्यक्रम के दौरान नई जिला कार्यकारिणी का गठन किया गया। इसमें सर्वसम्मति से विनय अग्रवाल को जिलाध्यक्ष, स्वाती अग्रवाल को जिला सचिव और मनीष अग्रवाल को जिला कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई।
कार्यक्रम राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील अग्रवाल के मार्गदर्शन और जिला प्रभारी निष्कर्ष गर्ग के निर्देशन में आयोजित हुआ। इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए जरूरतमंदों की मदद करने और सेवा भाव से कार्य करने का संदेश दिया।
संस्थान की ओर से हाथरस में रोटी बैंक, मूक पशुओं की सेवा, रक्तदान, कन्यादान, अज्ञात शवों का सम्मानपूर्वक अंतिम संस्कार और डिजिटल शिक्षा जैसे सामाजिक कार्य किए जा रहे हैं। अब फिरोजाबाद इकाई में भी रक्तदान को प्राथमिकता देते हुए जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने और लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम में नीरज गोयल, सीए प्रतीक अग्रवाल, सारांश तालीवाल, विकास जौहरी, शैलेन्द्र सिंह, नितिन जैन, नेहा अग्रवाल, सागर जैन, आशुतोष सिंह, अखिल अग्रवाल, नवीन कुमार, वैभव जौहरी और गौरव चतुर्वेदी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
संस्थान ने ‘हम चलेंगे साथ-साथ, थामे अपनों का हाथ’ और ‘भूख से रोने नहीं देंगे, भूखा हम सोने नहीं देंगे’ के संकल्प के साथ समाजसेवा के कार्यों को आगे बढ़ाने का संदेश दिया।










