हाथरस। दिल्ली में 1 नवंबर को आयोजित होने वाली कांग्रेस की ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ रैली में शामिल होने के लिए हाथरस से कांग्रेस कार्यकर्ताओं का बड़ा काफिला दिल्ली रवाना हुआ। जिला कांग्रेस अध्यक्ष पं. विवेक उपाध्याय के नेतृत्व में 500 से अधिक कार्यकर्ता विभिन्न वाहनों से दिल्ली के लिए रवाना हुए। वहीं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता अपने निजी वाहनों से भी रैली में शामिल होने पहुंचे।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के समर्थन और लोकतंत्र, संविधान व मताधिकार की रक्षा के संकल्प के साथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
इस मौके पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष पं. विवेक उपाध्याय ने कहा कि वोट लोकतंत्र की आत्मा है और प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की रक्षा बेहद जरूरी है। कांग्रेस पार्टी निष्पक्ष चुनाव और लोकतांत्रिक संस्थाओं की मजबूती के लिए लगातार संघर्ष कर रही है।
उन्होंने कहा कि हाथरस से 500 से अधिक कार्यकर्ताओं का दिल्ली पहुंचना संगठन की एकजुटता और कार्यकर्ताओं के समर्पण का प्रमाण है। रैली के माध्यम से जनता के अधिकारों और संविधान की रक्षा की आवाज बुलंद की जाएगी।
इस दौरान मथुरा प्रसाद कुशवाह, अब्बास हुसैन, कपिल सिंह, श्री कृष्ण एडवोकेट, रितेश कुमार, रिंकू प्रधान, सान्तुन ठाकुर, अशोक गुप्ता, ब्रह्मदेव शर्मा, देवेंद्र शर्मा, राहुल कुशवाह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।










