हाथरस। विकासखंड सासनी में सोमवार को ब्लॉक बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ तथा बाल विवाह ब्लॉक टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल एवं मुख्य विकास अधिकारी पीएन दीक्षित के निर्देशन तथा जिला प्रोबेशन अधिकारी सीमा मौर्य के नेतृत्व में आयोजित बैठक की अध्यक्षता खंड विकास अधिकारी अनुज मिश्रा ने की।
बैठक में महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र लोगों तक उनका लाभ पहुंचाने पर जोर दिया गया। अधिकारियों ने 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों को हिंसा एवं दुर्व्यवहार से बचाने, उचित पालन-पोषण और बाल संरक्षण के लिए सुरक्षित वातावरण तैयार करने के साथ बाल विवाह की रोकथाम के लिए गांव स्तर पर जागरूकता अभियान चलाने की अपील की।
महिला कल्याण विभाग के संरक्षण अधिकारी विमल कुमार शर्मा ने मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, दत्तक ग्रहण योजना, चाइल्ड हेल्पलाइन-1098, बाल श्रम रोकथाम और रानी लक्ष्मीबाई महिला एवं बाल सम्मान कोष सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के तहत छह श्रेणियों में बालिकाओं को कुल 25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। इसके तहत बालिका के जन्म पर 5 हजार, पूर्ण टीकाकरण पर 2 हजार, कक्षा एक में प्रवेश पर 3 हजार, कक्षा छह में प्रवेश पर 3 हजार, कक्षा नौ में प्रवेश पर 5 हजार तथा 12वीं उत्तीर्ण कर स्नातक या दो वर्षीय अथवा अधिक अवधि के डिप्लोमा कोर्स में प्रवेश लेने पर 7 हजार रुपये दिए जाते हैं।
खंड शिक्षा अधिकारी अखिलेश प्रताप सिंह ने शिक्षा विभाग की योजनाओं की जानकारी देते हुए बालक-बालिकाओं को समान अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया। वहीं प्रभारी बाल विकास परियोजना अधिकारी स्मृति दुबे ने मातृ वंदना योजना की जानकारी दी और ग्राम स्तरीय बाल कल्याण एवं संरक्षण समितियों को सक्रिय कर नियमित बैठकें आयोजित करने की बात कही।
वन स्टॉप सेंटर की सेंटर मैनेजर मनीषा भारद्वाज ने केंद्र के माध्यम से महिलाओं को मिलने वाली कानूनी सहायता, अस्थायी आश्रय, मनोसामाजिक परामर्श, चिकित्सीय एवं पुलिस सहायता के बारे में बताया। साथ ही घरेलू हिंसा अधिनियम 2005, दहेज प्रतिषेध अधिनियम और पॉश एक्ट 2013 की जानकारी दी।
सहायक विकास अधिकारी पंचायत दिनेश कुमार ने ग्राम पंचायत स्तर पर महिला सभा और बाल सभा के महत्व पर प्रकाश डाला। बैठक में सहायक विकास अधिकारी भूपेंद्र सिंह, उपनिरीक्षक अजब सिंह, मुख्य सेविका कुर्की रानी, आउटरीच कार्यकर्ता बंटी कुशवाह सहित विकासखंड की आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां मौजूद रहीं।










