सासनी के एसबीएस यूनियन स्कूल में राष्ट्रीय एकता दिवस बड़े उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि कर्नल राजकुमार सिंह ने देश के प्रथम गृहमंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल के छविचित्र पर माल्यार्पण और मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया।
मुख्य अतिथि कर्नल राजकुमार सिंह ने सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन पर प्रकाश डालते हुए देश को एकजुट करने में उनके महत्वपूर्ण योगदान के बारे में बताया। विद्यालय के छात्र अनुभव, रोहित, कशिश और रोनित ने अपने भाषणों के माध्यम से उपस्थित लोगों में जोश और उत्साह का संचार किया। कर्नल सिंह ने छात्रों के विचारों की सराहना की।
कार्यक्रम में उपस्थित प्रियंका गोयल ने राष्ट्रीय एकता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश की सुरक्षा के साथ आर्थिक सुरक्षा के लिए भी हमें मजबूत रहना चाहिए। इसके लिए सरकारी और निजी एजेंसियों द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी लेकर समय-समय पर उनका लाभ उठाना चाहिए। विद्यालय के डायरेक्टर डॉ. विकास सिंह ने राष्ट्रीय एकता दिवस को देश के लिए गर्व का विषय बताते हुए सभी से सरदार पटेल के जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य दुर्गेश पचौरी ने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरदार पटेल ने अद्भुत क्षमता, अदम्य साहस और दूरदर्शिता के बल पर देश की 565 रियासतों को एक सूत्र में पिरोने का असंभव सा लगने वाला कार्य पूरा किया। उनका समर्पण और राष्ट्र के प्रति योगदान आज भी सभी को प्रेरणा और नई ऊर्जा प्रदान करता है।
इस अवसर पर रोहित सिंह, नेहा जादौन सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।










