हाथरस। मारपीट में गंभीर रूप से घायल युवक की दिल्ली में इलाज के दौरान मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार थाना हाथरस गेट क्षेत्र के मोहल्ला खंदारी गढ़ी निवासी 37 वर्षीय बबलू पुत्र अशोक कुमार 28 अक्टूबर को नगला अलगर्जी में एक व्यक्ति के मकान पर रंग-पेंट का काम करने गया था। काम पूरा होने के बाद जब वह वापस लौटने लगा तो मकान स्वामी ने उसे कुछ और काम बता दिया। आरोप है कि अतिरिक्त काम पूरा करने के बाद जब बबलू ने अपने रुपये मांगे तो मकान स्वामी ने उसके साथ मारपीट कर दी। मारपीट में बबलू गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी मिलने पर परिजन उसे तत्काल अलीगढ़ लेकर पहुंचे, जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे दिल्ली रेफर कर दिया। बीती रात दिल्ली में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक के परिजनों का आरोप है कि आरोपी ने बबलू के साथ बेरहमी से मारपीट की और उसकी मजदूरी के रुपये भी नहीं दिए। युवक की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। बबलू अपने पीछे गर्भवती पत्नी, एक बेटी और अन्य परिजनों को रोता-बिलखता छोड़ गया है।










