हाथरस में 3 से 12 नवंबर तक रहेगा रूट डायवर्जन, सुबह 10 से रात 10 बजे तक बाजारों में ई-रिक्शा और टेंपो की नो एंट्री
हाथरस में आगामी त्योहारों को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने शहर की यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है। बाजारों में भीड़भाड़ और जाम की समस्या से निपटने के लिए 3 नवंबर से 12 नवंबर 2026 तक रूट डायवर्जन लागू रहेगा।
इस दौरान प्रतिदिन सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक शहर के प्रमुख बाजारों की ओर जाने वाले मार्गों पर ई-रिक्शा, टेंपो और भारी एवं मध्यम वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
पुलिस द्वारा सासनी गेट चौराहा, तालाब चौराहा पेट्रोल पंप, महिला थाने के सामने, बांस मंडी, घास मंडी, बुर्ज वाला कुआं, चूना वाला डंडा, चामड़ गेट, देवेन्द्र अग्रवाल मिष्ठान चौराहा, जामा मस्जिद, नया गंज और सादाबाद गेट सहित 12 स्थानों पर बैरियर लगाकर प्रवेश रोका जाएगा।
हाथरस पुलिस ने वाहन चालकों और ई-रिक्शा एवं टेंपो संचालकों से निर्धारित डायवर्जन व्यवस्था का पालन करने की अपील की है। साथ ही आमजन से भी बाजारों में अनावश्यक रूप से वाहन लेकर नहीं आने का अनुरोध किया है।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि त्योहारों के दौरान बाजारों में सुगम आवागमन, जाम से मुक्ति और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह व्यवस्था लागू की गई है।










