हाथरस। जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने मंगलवार को जनता दर्शन के दौरान फरियादियों की शिकायतें सुनीं और संबंधित विभागीय अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि जनशिकायतों का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी अधिकारी प्रत्येक कार्यदिवस में अपने कार्यालयों में स्वयं जनसुनवाई करें और संभव हो तो शिकायतों का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित कराएं।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि शिकायतों पर केवल आदेश जारी करने की औपचारिकता न की जाए, बल्कि लंबित मामलों में व्यक्तिगत रुचि लेकर उनका समाधान कराया जाए। भूमि विवाद के मामलों में एसडीएम और सीओ आवश्यकता पड़ने पर राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम बनाकर कार्रवाई करें, ताकि विवादों का स्थायी समाधान हो सके।
डीएम ने जनप्रतिनिधियों से प्राप्त शिकायतों को भी प्राथमिकता से निस्तारित करने के निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों को सरकारी सीयूजी नंबर स्वयं उठाने और जनप्रतिनिधियों के संपर्क में रहने को कहा, जिससे आपसी समन्वय से जनता की समस्याओं का शीघ्र समाधान हो सके।










