सिकंदराराऊ। कोतवाली क्षेत्र में नहर के समीप पानी से भरे गड्ढे में ट्रैक्टर पलटने से चालक की उसके नीचे दबकर मौत हो गई, जबकि कंडक्टर घायल हो गया।
हादसा शुक्रवार को कासगंज रोड स्थित गांव कपासिया के समीप नहर के पास हुआ।
बताया गया कि ऊंचा गांव जलेसर निवासी 45 वर्षीय मुकेश कुमार पुत्र मंगल सिंह ट्रैक्टर लेकर सुजावलपुर जा रहे थे।
गांव कपासिया के समीप पहुंचते ही ट्रैक्टर अचानक नहर के किनारे पानी भरे गड्ढे में घुसकर पलट गया, जिससे चालक मुकेश कुमार ट्रैक्टर के नीचे दब गए और उनकी मौत हो गई।
वहीं हादसे में कंडक्टर उमेश कुमार घायल हो गए। सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी शिव कुमार शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने शव को सीएचसी पहुंचाया, जहां पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। हादसे के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया।










