हाथरस। श्री दाऊजी महाराज के 115वें लक्खी मेले के दौरान सामने आई समस्याओं और कुछ लोगों द्वारा अभद्रता किए जाने के मामले को लेकर एक प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम सदर एवं मेला मजिस्ट्रेट राज बहादुर सिंह से मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मेले के दौरान हुई घटनाओं और समस्याओं से उन्हें अवगत कराया।
प्रतिनिधिमंडल में डॉ. जितेंद्र स्वरूप शर्मा ‘फौजी’, अध्यक्ष श्री वेद भगवान सनातन धर्म सभा रजिस्टर्ड हाथरस, बृजेश मोहन वशिष्ठ, जिला अध्यक्ष एवं संयोजक शिक्षामित्र संगठन, तथा पंडित सत्येंद्र स्वरूप शर्मा ‘फौजी’, संयोजक पंडित किशोरी लाल स्मृति योग संस्थान रजिस्टर्ड हाथरस सहित अन्य सहयोगी शामिल रहे।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि मेले के दौरान मेला मजिस्ट्रेट से समस्याओं के संबंध में चर्चा की गई थी। उस समय उन्होंने मेले की व्यवस्था प्रभावित न हो, इसके लिए शांति बनाए रखने और मेला समाप्त होने के बाद समस्याओं पर विस्तार से चर्चा करने का अनुरोध किया था। इसी क्रम में प्रतिनिधिमंडल ने मेले की समाप्ति के बाद उनसे मुलाकात कर समस्याओं की जानकारी दी।
इस अवसर पर तीनों संस्थाओं की ओर से एसडीएम सदर राज बहादुर सिंह को विशेष पीतपटिका पहनाकर और प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं, त्रिभैरवनाथ सिद्ध पीठ रमनपुर रोड कैलाश नगर से कंकाली माता की चतुर्थ पैदल यात्रा की ओर से सौरभ वर्मा ने भी एसडीएम का पीतपटिका पहनाकर स्वागत किया। प्रतिनिधिमंडल ने उपस्थित लोगों का भी स्वागत किया। विशेष रूप से शीतल प्रसाद और रवि शर्मा को पीतपटिका पहनाकर एवं प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
इस दौरान एसडीएम सदर एवं मेला मजिस्ट्रेट राज बहादुर सिंह ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि भविष्य में मेले के दौरान ऐसी समस्याएं उत्पन्न न हों, इसके लिए आवश्यक प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रतिनिधिमंडल ने मेले के दौरान प्रशासन का सहयोग करते हुए धैर्य बनाए रखा, इसके लिए सभी धन्यवाद के पात्र हैं। उन्होंने समस्याओं से अवगत कराने के लिए प्रतिनिधिमंडल का आभार व्यक्त किया।










