हाथरस में आगामी 23 अक्टूबर को होने वाले विधान परिषद शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम पहुंचकर पोलिंग पार्टियों की रवानगी की व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
आपको बता दें कि 23 अक्टूबर 2026 को होने वाले विधान परिषद शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन के लिए 22 अक्टूबर को जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम से पोलिंग पार्टियां रवाना की जाएंगी। इसी को लेकर जिलाधिकारी ने रवानगी स्थल पर वाहनों की उपलब्धता, अधिकारियों और कर्मचारियों की समय से उपस्थिति तथा पेयजल, साफ-सफाई और बैठने जैसी मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया।
डीएम ने निर्देश दिए कि सभी तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं और पोलिंग पार्टियों की रवानगी निर्धारित समय पर सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और पोलिंग पार्टियों को समय से निर्धारित बूथों तक पहुंचाने के निर्देश भी दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी और जिला क्रीड़ा अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।










