हाथरस में पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर वीर शहीद पुलिसकर्मियों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। पुलिस लाइन स्थित शहीद स्मारक पर पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने पुष्पचक्र अर्पित कर शहीदों के सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।
- कार्यक्रम के दौरान एएसपी रामानंद कुशवाहा, मुख्य अग्निशमन अधिकारी, समस्त क्षेत्राधिकारी और अन्य पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने शहीद स्मारक पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस दौरान दो मिनट का मौन धारण कर वीर शहीदों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई। मेमोरियल गार्द ने शहीद पुलिसकर्मियों को सलामी भी दी।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि वीर शहीदों का साहस, त्याग और कर्तव्यनिष्ठा सभी पुलिसकर्मियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने ईमानदारी और समर्पण के साथ जनसेवा करने, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध रहने का आह्वान किया। हर वर्ष 21 अक्टूबर को मनाया जाने वाला पुलिस स्मृति दिवस देश की सुरक्षा और आमजन की रक्षा करते हुए प्राण न्योछावर करने वाले वीर पुलिसकर्मियों के सर्वोच्च बलिदान की याद दिलाता है।










