हाथरस में मंडलायुक्त की समीक्षा बैठक, साफ-सफाई और शुद्ध पेयजल व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश
हाथरस। नगर पालिका परिषद हाथरस के सभागार में अलीगढ़ मंडल के आयुक्त ओ.पी. आर्य ने नगर निकायों की व्यवस्थाओं को लेकर समीक्षा बैठक की।
बैठक में मंडलायुक्त ने लाभार्थियों से संवाद किया और पात्र लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र एवं प्रमाण पत्र वितरित किए।
उन्होंने अधिकारियों को नगर क्षेत्र में शुद्ध पेयजल, नियमित जलापूर्ति, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और जल निकासी की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मंडलायुक्त ने खराब हैंडपंपों की तत्काल मरम्मत कराने, पेयजल की गुणवत्ता की नियमित जांच करने और पानी में निर्धारित मात्रा में क्लोरीन सुनिश्चित करने को कहा।
वहीं, संक्रामक रोगों की रोकथाम के लिए नियमित फॉगिंग, एंटी लार्वा छिड़काव और विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही जलभराव वाले क्षेत्रों में तत्काल जल निकासी कराने को कहा।
मंडलायुक्त ने खराब एवं सड़े-गले फलों और मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए अभियान चलाने, अतिक्रमण हटाने, स्ट्रीट लाइट ठीक कराने और पॉलीथीन के इस्तेमाल पर प्रभावी रोक लगाने के निर्देश भी दिए।
बैठक में जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल, पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा, मुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।










