हाथरस। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ की प्रांतीय कार्यकारिणी के आह्वान पर शनिवार को तहसील सदर परिसर में लेखपालों ने विभिन्न लंबित मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान लेखपालों ने नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को पूरा किए जाने की मांग उठाई।
लेखपालों ने सुबह 10 बजे से दोपहर दो बजे तक संपूर्ण कार्य बहिष्कार किया। उन्होंने कहा कि वेतन विसंगति दूर करने, लंबित मांगों का निस्तारण करने और पिछले आठ वर्षों से लंबित पदोन्नति जैसी मांगों को लेकर लगातार आवाज उठाई जा रही है। प्रदर्शन के बाद लेखपाल संघ के पदाधिकारियों ने उप जिलाधिकारी राज बहादुर सिंह को ज्ञापन सौंपा।
धरना-प्रदर्शन में तहसील अध्यक्ष मोहित शर्मा, तहसील महामंत्री अजीत सिंह, बलवीर सिंह, पुष्पेंद्र सिंह, आकाश वशिष्ठ, पवन कुमार, विनीत चौधरी, अनुपम यादव, रेनू शर्मा, निलेश पचौरी, मयंक ठाकुर, योगेश कुमार, पुष्कर कुमार सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। पदाधिकारियों ने कहा कि आगे की रणनीति प्रांतीय कार्यकारिणी के आह्वान पर तय की जाएगी।










